भोजपुर में विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से किसान की मौत
पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
धोबहा ओपी क्षेत्र के बसंतपुर गांव में गुरुवार की सुबह घटी घटना
आरा। भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबहा ओपी अंतर्गत बसंतपुर गांव में गुरुवार की सुबह विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा। जानकारी के अनुसार मृतक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबहा ओपी अंतर्गत बसंतपुर गांव निवासी स्व.बच्चा सिंह का 34 वर्षीय पुत्र सोनू सिंह है एवं वह पेशे से किसान था। इधर मृतक के दोस्त मनोरंजन कुमार ने बताया कि गुरुवार की सुबह करीब कि 11 बजे वाह शौच करने के लिए बधार की ओर गया था। जहां रास्ते में पहले से विद्युत प्रवाहित तार टूटकर गिरा पड़ा था। शौच करने के लिए जाने के दौरान वह उसी विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गया और बुरी तरह घायल हो गया। इसके बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उसे आनन-फानन में इलाज आरा सदर अस्पताल ला रहे थे तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।बावजूद इसके परिजन उसे आरा सदर अस्पताल ले आए जहां चिकित्सक ने देख उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके पश्चात परिजनों ने इसकी सूचना टाउन थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतक के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

